नगर कोतवाली के शंकरगंज में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पृथ्वीगंज। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर शनिवार की रात बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार रामराज यादव (55) की मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मच गया।
नगर कोतवाली के खजुरनी निवासी रामराज यादव किसान था। शनिवार की रात वह बाइक लेकर भगेसरा शंकरगंज किसी काम से गया था। रात करीब दस बजे घर जाते समय रानीगंज की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया और ट्राली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही परिजन रोते बिलखते मेडिकल कॉलेज पहुंचे। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली पुलिस के कब्जे में हैं। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।