अगर सब कुछ सामान्य रहा तो भुपियामऊ से इलाहाबाद के बीच की दूरी बहुत कम हो जाएगी। यह मार्ग फोरलेन होने जा रही है। रायबरेली-वाराणसी हाईवे को फोरलेन किया जा रहा है। इसका काम पूरा होने के बाद भुपियामऊ-इलाहाबाद की सड़क को भी फोरलेन की तैयारी शुरू हो जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएच 96 अभी से तैयारी में जुट गया है। दोनों सड़कें फोरलेन होने के बाद भुपियामऊ चौराहे पर ट्रैफिक का भारी दबाव बढ़ जाएगा।
पॉलीटेक्निक से भुपियामऊ के बीच सड़क को दस मीटर चौड़ा किया जा रहा है। चौड़ीकरण का काम पूरा होते ही प्राधिकरण भुपियामऊ से इलाहाबाद के बीच सड़क चौड़ीकरण का काम करेगा। इसके लिए अगले फेज यानी 2016 का समय लिया है। यह सड़क भी दोनाें तरफ दस मीटर चौड़ी होगी। इसका प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है। प्राधिकरण की मानें तो फोरलेन का काम 2017 में शुरू होने की पूरी संभावना है।
भुपियामऊ से इलाहाबाद की सड़क दोनों तरफ दस मीटर चौड़ी होने का प्रस्ताव है। इस सड़क के किनारे लोगाें ने कब्जा कर रखा है। तमाम लोगों ने स्थाई निर्माण भी कर लिया है। प्राधिकरण का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आने वाले अतिक्रमण को चिन्हित कर उनको ध्वस्त किया जाएगा। वहीं पॉलीटेक्निक से भुपियामऊ के बीच सड़क करीब पांच महीने में तैयार हो जाएगी। मौसम अनुकूल नहीं होने से चौड़ीकरण का काम फिलहाल बंद है। चौड़ीकरण के लिए करीब 26 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
एक्सईएन एनएच 96 धर्मवीर सिंह का कहना है कि भुपियामऊ से इलाहाबाद के बीच सड़क दस मीटर चौड़ी होगी। अगले फेज में यह काम शुरू कर दिया जाएगा। चौड़ीकरण के बाद फोरलेन के लिए सर्वे किया जाना है। इस काम को शुरू करने में कम से कम दो साल का वक्त लग सकता है।