शहर के सदर बाजार स्थित बाल गृह बालिका से पिछले माह फरार 13 लड़कियों के मामले की हकीकत खंगालने संस्था के पदाधिकारी पहुंचे। वे बाल गृह बालिका से लेकर कोतवाली तक छानबीन करते रहे।
जस्टिस एंड केयर के एसआर सारंग के नेतृत्व में शनिवार को एक टीम शहर पहुंची। जिला प्रोबेशन अधिकारी से मिलने की कोशिश की लेकिन वह बाहर थे। इसके बाद संस्था के लोग बाल गृह बालिका सदर बाजार पहुंचे। वहां फरार लड़कियों के मामले में जानकारी करने के बाद छूटी लड़की से भी बातचीत की। इसके बाद संस्था के सदस्य 13 फरार लड़कियों की बाबत कार्रवाई जानने के लिए नगर कोतवाली पहुंचे।
यहां कोतवाल बलिराम मिश्रा ने सभी को लड़कियों की बाबत चल रही जांच पड़ताल से अवगत कराया। कोतवाल ने बताया कि जस्टिस एंड केयर संस्था के लोगों ने ही इलाहाबाद से बदमान मोहल्ले से लड़कियों को आजाद कराया था। वे लड़कियों के सिलसिले में होेने वाली कार्रवाई की जानकारी करने आए थे। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज मिश्रा ने बताया कि संस्था के लोगों ने उनसे बातचीत की लेकिन वह जरूरी काम से बाहर थे। इसलिए संस्था के पदाधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी।