भुपियामऊ में बुधवार को चेकिंग के दौरान मोपेड सवार से कागजात मांगने को लेकर बवाल हो गया। युवक ने अपने साथियों के साथ प्रवर्तन दल के सिपाहियों व पुलिस चौकी के सिपाही को पीट दिया। थर्मल प्रिंटर मशीन भी तोड़ दी। ग्रामीणों की मंशा भांपकर एआरटीओ जान बचाने के लिए पुलिस चौकी में घुस गए। मामले की जानकारी के बाद शहर से भारी फोर्स भुपियामऊ पहुंची। जिसके बाद चौकी के बाहर डटे बवाल करने वाले पीछे हटे। एआरटीओ ने पुलिस को तहरीर दी है।
एआरटीओ मनोज सिंह बुधवार की सुबह भुपियामऊ चौराहे पर छोटे व भारी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान मोपेड सवार को एआरटीओ के साथ मौजूद सिपाही ने रोककर कागजात मांग लिया। इस पर युवक सिपाहियों को अदब में लेने लगा। कागजात दिखाने के बजाए वह सिपाहियों को गाली व धमकी देते हुए मोपेड छोड़कर चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुछ देर में वह कई लोगों के साथ लौटा और गालीगलौज करने लगा। देखते ही देखते भारी भीड़ जुटने लगी। तभी आरोपी युवक व उसके साथी प्रवर्तन दल के आरक्षी राजीव राय व चालक विपिन यादव के साथ मारपीट करने लगे। लोगों ने ई चालान वाली थर्मल प्रिंटर मशीन तोड़ दी।
सूचना मिलने पर पुलिस चौकी भुपियामऊ का सिपाही प्रमोद भागकर पहुंचा। वह आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस चौकी ले जाने लगा। इस पर लोगों ने उससे भी गालीगलौज करते हुए मारपीट की। हालांकि सिपाही प्रमोद ने आरोपी युवक को चौकी के भीतर ले जाकर बंद कर दिया। जिसके बाद लोग हंगामा करने लगे। उनकी मंशा देख जान बचाने के लिए एआरटीओ मनोज सिंह पुलिस चौकी में जा घुसे।
सूचना मिलने पर भारी पुलिस फोर्स चौकी पहुंची। जिसके बाद भीड़ वहां हटी। इसके बाद एआरटीओ मनोज सिंह बाहर निकले। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पुलिसकर्मी कोतवाली गए। एआरटीओ मनोज सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। नगर कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सेवानिवृत्त कर्मचारी का बेटा है आरोपी युवक
भुपियामऊ में चेकिंग के दौरान एआरटीओ की टीम से मारपीट व अभद्रता करने वाला युवक करीब के गांव का रहने वाला है। घटना की जानकारी के बाद एआरटीओ विभाग से सेवानिवृत्त आरोपी युवक का पिता भी मौके पर पहुंच गया। लोगों की मानें तो आरोपी युवक ने अपने पिता को भी सबके सामने झिड़क दिया। आरोपी युवक के कुछ साथी बवाल करते रहे। फोर्स के पहुंचने के बाद सभी वहां से निकल गए। इसमें ऐसे युवक भी शामिल थे, जो पूर्व में उपनिरीक्षक के साथ भी अभद्रता कर चुके हैं।
एसपी ने सुरक्षाकर्मियों को भुपियामऊ भेजा
भुपियामऊ में बवाल की खबर मिलने पर पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने अपने सुरक्षाकर्मियों को तत्काल पुलिस चौकी भेजा। भारी फोर्स पहुंचने पर ग्रामीण पीछे हटे। पुलिसकर्मी सकुशल सभी को लेकर कोतवाली आए।
छोटे वाहनों की चेकिंग से लोगों में आक्रोश
एआरटीओ मनोज सिंह द्वारा भुपियामऊ चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की जाती है। लोगों का आरोप है कि एआरटीओ भारी वाहनों की चेकिंग करने के बजाय केवल छोटे वाहनों को ही चेक करते रहते हैं। चूंकि लोकल लोग वाहनों के कागजात लेकर आसपास नहीं निकलते। इससे लोगों में आक्रोश देखा गया।