दो अलग-अलग जगह लगी आग से हजारों का नुकसान हो गया। एक जगह तीन गुमटियों में आग लगा दी गई। वहीं भोजन बनाते समय सिलेंडर लीकेज होने से घर में आग लग गई। इससे हड़कंप मच गया।
कुंडा कस्बे के भगवन तिराहे के पास तहसीलदार आवास के सामने दीपक जायसवाल निवासी कोलाहल का पुरवा ने फार्म आदि बेचने के लिए गुमटी लगा रखी थी। उसके बगल में ही फरेंदूपुर का लालजी यादव भी गुमटी में फार्म व प्रतियोगी पुस्तकें बेंचता है। रात में इन दोनों की गुमटियों में किसी ने आग लगा दी। गुमटी जल गई। भोर में आसपास के लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई जरूर लेकिन तब तक सारा सामान जल गया था।
बगल में मनोज यादव की सिलाई की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। सुबह भारी भीड़ इकट्ठा रही। इस मामले में कस्बे के एक व्यक्ति पर संदेह जताते हुए दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर दी। वहीं, दूसरी ओर कस्बे के बेंती रोड स्थित शिव प्रसाद केसरवानी के घर में शनिवार को कार्यक्रम था। भोजन बनाते समय सिलेंडर लीकेज से आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण किया तो भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मिट्टी और पानी डालकर किसी तरह से आग बुझाई।