Pratapgarh News : अपना दल के कार्यक्रम को संबोधित करतीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल।
- फोटो : अमर उजाला।
इस धरती का ऋण हम कभी चुका नहीं सकते है। पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल ने यहां के गरीबों, वंचितों, पिछड़ों व किसानों के हक के लिए संघर्ष किया। इसलिए आज हमने पार्टी की सदस्यता अभियान का शुभारंभ भी प्रतापगढ़ की आंदोलनकारी धरती से किया है।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को निरंतर उठाती रहेगी। हमारी पार्टी अपना दल (एस) लंबे समय से जातीय जनगणना की मांग कर रही है। अल्पसंख्यक मंत्रालय की तर्ज पर अन्य पिछड़ा वर्ग मंत्रालय का गठन किया जाए। लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभ न्यायपालिका में निचली अदालतों से लेकर उच्चतम न्यायालय तक में न्यायाधीश की कुर्सी तक समाज के हर वर्ग के बच्चे को पहुंचाने का अवसर मिले। इसके लिए अखिल भारतीय न्यायिक सेवा आयोग का गठन हो।
प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। उनके लिए अपना दल एस का दरवाजा 24 घंटे खुला रहेगा। अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश के सभी गांवों में जाएंगे और लोगों को पार्टी के विचारों व नीतियों से अवगत कराते हुए उन्हें केसरिया-नीला झंडा के परचम तले लाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन कार्यवाहक राष्ट्रीय सचिव केके पटेल ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बृजेेेश पटेल, विधानमंडल दल के नेता रामनिवास वर्मा, राष्ट्रीय महासचिव आरबी सिंह, अवध नरेश वर्मा, डॉ. जमुना प्रसाद सरोज, पूर्व मंत्री एवं विधायक जय कुमार सिंह जैकी, विधायक डॉ. सुनील पटेल, विधायक डॉ. आरके पटेल, विधायक जीत लाल पटेल, परमानंद मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री आशीष पटेल के वाहन पर गिरा साउंड स्टैंड, बाल- बाल बचे
प्लाजा पैलेस में अपना दल एस के सदस्यता अभियान कार्यक्रम से पहले बड़ा हादसा टल गया। प्रदेश के मंत्री आशीष पटेल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद अपने वाहन से उतर रहे थे। तभी अचानक उनके वाहन पर 10 फिट ऊंचा लोहे का साउंड स्टैंड गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि वह कार से बाहर नहीं निकले थे। जिससे वह बाल- बाल बच गए। इधर, उनके वाहन पर स्टैंड गिरा देख पुलिसकर्मी व कार्यकर्ता दौड़ पड़े। आननफानन में स्टैंड को हटाया गया।
अपना दल एस में राजनीतिक दिग्गजों ने ली सदस्यता
कई राजनैतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने भी अपना दल एस की सदस्यता ली। रालोद के किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री पीयूष कुमार सिंह उर्फ लोहा सिंह, वाराणसी की रहने वाली सपा की महिला मंच की प्रदेश सचिव कुसुम प्रजापति, गाजियाबाद निवासी भारतीय खाद्य निगम के पूर्व सलाहकार हरिओम ने सदस्यता ली।
इसी तरह जौनपुर जफराबाद से बसपा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. संतोष मिश्रा, रायबरेली से सपा के जिला उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मो. अली, प्रयागराज से एआईएमआईएम के नगर महासचिव सैयद फजल फकरी, जौनपुर से समाजसेवी राघवेंद्र कुमार पाल, बसपा नेता पूर्व मंत्री राकेश धर त्रिपाठी, विजय सिंह सहित दो दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण लोगों ने विभिन्न विपक्षी पार्टियों को छोड़कर अपना दल एस की सदस्यता ग्रहण की।