बिहार व बंगाल बेचने के लिए गोवंश ले जा रहे पशु तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दस पशु तस्करों को पुलिस ने पकड़ा है। जबकि एक तस्कर भाग निकला। वाहन में 21 जिंदा और 4 मृत गोवंश मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान भेज दिया। कार्रवाई की जानकारी के बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
देवसरा थाना पहुंचे प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि पशु तस्करी करने वाले लोगों की धरपकड़ का निर्देश सभी थानेदारों को दिया गया था।
देवसरा थानाध्यक्ष व स्वॉट टीम ने सोमवार भोर में आसपुर देवसरा के इब्राहिमपुर बैरियर के पास पशु तस्करों को दबोचने के लिए जाल बिछाया था। खतरे की जानकारी देने के लिए काले रंग की स्कार्पियो से पशु तस्कर पहुंचे। जिसे पुलिस ने रोकते हुए उसमें सवार लोगों को दबोच लिया। कुछ देर में ही आई एक डीसीएम (मिनी ट्रक) को भी पुलिस ने पकड़ लिए।
जिसमें 25 गोवंश क्रूरतापूर्वक लादे गए थे। एक पशु तस्कर भागने में कामयाब रहा, जबकि दस पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वाहन जांच के दौरान 21 गोवंश जिंदा व चार मृत मिले। पूछताछ में पकड़े गए पशु तस्करों ने बताया कि गोवंश बिहार व बंगाल लेकर जा रहे थे। वहां बेचने पर अच्छी कीमत मिल जाती है। इससे उनके परिवार का भरण-पोषण होता है।
पुलिस ने पकड़े गए उस्मान पुत्र जहीर निवासी पूरे देवजानी कंधई, नबाब अली उर्फ झक्कड़ पुत्र मेंहदी हसन निवासी बहरौली थाना लंभुआ, सुल्तानपुर ,मुस्तफा पुत्र मेहंदी हसन निवासी बहरौली, चांद बाबू पुत्र सफीक अहमद निवासी परसंडा थाना पट्टी, मोहम्मद बदरुद्दीन पुत्र जान मोहम्मद, लोई केवट पुत्र बहादुर बिंदु धिरौली नानकार, अमजद खान व इबारत पुत्र जान मोहम्मद निवासी सोनहवा, कन्हैयालाल पुत्र देवी प्रसाद निवासी बागंरकला थाना करौदी कला सुल्तानपुर और सत्यप्रकाश वर्मा पुत्र रामकरन वर्मा निवासी पूरे देवजानी थाना कंधई को जेल भेज दिया। प्रकाश में आए जलालुद्दीन की तलाश की जा रही है। सराहनीय कार्रवाई करने वाली टीम को प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार का इनाम दिया।
आसपुर देवसरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार पशु तस्कर।- फोटो : PRATAPGARH