नगर कोतवाली के सगरा स्थित मैरेज हाल में सीसीटीवी में मारपीट करते लोगों की तस्वीर। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
नगर कोतवाली पूरे चकई स्थित मैरेज हाल में रविवार की रात शादी समारोह में उस समय खलल पड़ गया। जब डीजे बंद कराने के विरोध में लाठी डंडा लेकर पहुंचे दर्जनों लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। मैरिज हाल संचालक, कर्मचारी को पीटने के बाद दुल्हन के रिश्तेदारों को भी जमकर पीटा। जिससे विवाह घर में मौजूद लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज भेजी। मैरिज हाल संचालक ने पुलिस को तहरीर दी है।
नगर कोतवाली इलाके के करनपुर निवासी सुनील कुमार मौर्य का पूरे चकई गांव में मैरेज हाल है। रविवार की रात आयोजित शादी समारोह में कोतवाली इलाके के संग्रामपुर गांव से बारात आई थी। रात दस बजे तक डीजे बजाकर बराती डांस कर रहे थे। इस बीच डीजे बजाने से दुल्हन के घर वालों ने रोक दिया। मगर युवक मान नहीं रहे थे। यह देख मैरिज हाल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने विवाह घर पहुंचकर बरातियों को डाटकर डीजे बंद करा दिया।
यह भी बताया कि कोरोना गाइडलाइन के चलते रात में डीजे नहीं बज सकता। आरोप है कि इसी से नाराज होकर करीब एक घंटे बाद दो दर्जन की संख्या में दंबग लोग लाठी डंडा लेकर कार व बाइक से मैरेज हाल पहुंचे। उस समय जयमाल हो रहा था। इसके बावजूद स्टेज के पास ही दुल्हन के परिजनों पर लोहे के रॉड व हॉकी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने वाले सुनील, अमृतलाल मौर्य, रामकिशुन, धु्रवराज मौर्य आदि को पीटा और महिलाओं से अभद्रता करते रहे।
विरोध करने विवाह घर में तोड़फोड़ करते हुए असलहा लहराने लगे। यह देख लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। अफरा तफरी के बीच लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सुनील की हालत गंभीर देख डाक्टर ने एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने बारात पक्ष के दुर्गेश निवासी संग्रामपुर, विजय, योगेंद्र निवासी चिलबिला, रामदयाल निवासी महुली, अंकुर मौर्य निवासी पल्टन बाजार, सम्राम अजीत नगर व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
नगर कोतवाली के सगरा स्थित मैरेज हाल में सीसीटीवी में मारपीट करने आये हाथ में डंडा लिए लोगों की तस?- फोटो : PRATAPGARH