बाइक एजेंसी संचालक की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर मैनेजर ने जहरीली दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे प्रयागराज ले जाया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी जेब में मिले सुसाइड नोट के बाद परिजनों ने एजेंसी संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के राजगढ़ शुक्लान गांव निवासी विपुल पांडेय देल्हूपुर स्थित एक बाइक एजेंसी पर मैनेजर के पद काम करते थे। परिजनों का आरोप है कि शनिवार को एजेंसी संचालक ने 20 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगाते हुए विपुल की पिटाई कर उसकी कार , मोबाइल, चेन तथा बाबा के ढाई लाख रुपये ले लिए।
पिटाई के बाद एजेंसी संचालक के साथियों ने विपुल को घर पहुंचा दिया। रविवार की सुबह घटना से आहत विपुल ने जहरीली दवा खा ली। इससे कुछ देर बाद उसकी तबियत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मच गया।
मृतक विपुल की जेब में मिले सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए एजेंसी संचालक भिखनापुर पंवारपुर निवासी अब्दुल्लाह को जिम्मेदार ठहराया है। लिखा है कि बीस लाख रुपये गबन का आरोप लगाकर संचालक ने प्रताड़ित किया। देर शाम परिजन शव लेकर देल्हूपुर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने तहरीर लेते हुए मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया। एसओ देल्हूपुर ने बताया कि तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
00
इनसेट-
दो बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
विपुल की मौत के बाद उसकी बेटी रूही तथा बेटे आयुष के सिर से पिता का साया छिन गया। पत्नी व परिवार के सदस्य शव से लिपटकर रोते रहे।