कोचिंग संस्थान से निकाले जाने से आक्रोशित छात्र ने अपने साथियों संग मंगलवार को संचालक समेत शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया। संस्थान में तोड़फोड़ करते हुए सामने आने वालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे कोचिंग संस्थान में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने एक नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
नगर पंचायत कोहंड़ौर बाजार में प्रमोद कुमार मिश्रा और सुमित यादव ने कोचिंग संस्थान खोल रखा है। जहां हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र पढ़ते हैं। कोचिंग संचालक प्रमोद के अनुसार मंगलवार की सुबह संस्थान पहुंचने पर करीब दस लड़कों ने उन पर हमला कर लिया। संस्थान में रखे सामान तोड़ने के साथ ही डंडे से पिटाई की। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकले। आरोपी में संस्थान में पढ़ने वाला एक इंटर का छात्र भी शामिल था। जो वाजिदपुर का रहने वाला है। सोमवार को पढ़ाई के दौरान उसने एक छात्रा के साथ छेड़खानी की थी। इसके पहले भी वह छात्रा का पीछा कर चुका था। इसके चलते छात्र को कोचिंग पढ़ने से रोकते हुए परिजनों को बुलाकर उसकी हरकत के बारे में बताया गया था। घटना की सूचना मिलने पर कोहड़ौर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी विद्यासागर मिश्रा मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद सीसीटीवी को देखा। घटना की तहरीर मिलने पर पुलिस ने नामजद छात्र समेत दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सिटी ने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। उसके घर परिवार के सदस्य भी फरार हैं।