फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pratapgarh News : युवक की हत्या के बाद फूटा गुस्सा, पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर लगाया जाम

Tue, 18 Nov 2025 02:24 PM IST
विनोद सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़

सार

पट्टी इलाके के चरैया गांव में धर्मेंद्र सिंह की हत्या के मामले में जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। आधे घंटे के जाम में सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
विज्ञापन
चक्काजाम की सूचना पर पहुंची पुलिस। - फोटो : संवाद।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पट्टी इलाके के चरैया गांव में धर्मेंद्र सिंह की हत्या के मामले में जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। आधे घंटे के जाम में सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। सीओ ने समझा बुझाकर जाम खत्म कराया। परिजनों की मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया। 

विज्ञापन


चरैया गांव निवासी धर्मेंद्र की रविवार की रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों ने सुबह नौ बजे पट्टी-पृथ्वीगंज मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे खलबली मच गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ अधिकारी पहुंच गए। आधे घंटे तक जाम चला। सीओ मनोज सिंह रघुवंशी, कोतवाल अभिषेक सिरोही ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए।

सीओ के समझाने पर जाम समाप्त कर शव को सड़क के किनारे रखवाया गया। परिजन अपनी मांग को पूरा करने के लिए  एसडीएम को बुलाने की बात रखी। एसडीएम पूर्णेन्द्र मिश्र भी मौके पर पहुंचे और उन्हें पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, शस्त्र लाइसेंस और 50 लाख आर्थिक सहायता की मांग रखी गई।
विज्ञापन


परिजनों की मांग को स्वीकार करते हुए एसडीम ने कहा कि किसान बीमा योजना के तहत दी जाने वाली पांच लाख की राशि तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। अन्य मांगों के लिए मांग पत्र जिला अधिकारी प्रतापगढ़ को भेजा जाएगा। उनकी संस्तुति के आधार पर जो भी यथासंभव प्रशासनिक मदद होगी दी जाएगी। इसके पश्चात परिज शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कोतवाल अभिषेक सिरोही ने बताया कि घटना में नामजद किए गए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा की जा चुकी है।


विज्ञापन

जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए निकले थे धर्मेंद्र

कोतवाली के चरैया में बर्थडे पार्टी में शामिल होने निकले धर्मेंद्र सिंह की रविवार की आधी रात संदिग्धदशा में मौत हो गई थी। घटना की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। जन्मदिन पार्टी में ले जाने वाले पड़ोसी घर से फरार हैं। पट्टी कोतवाली के चरैया निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह की पत्नी दिव्या सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है।

बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे पड़ोसी गौरव सिंह उर्फ प्रिंस, अंबुज सिंह, अनुज उर्फ नाटे और एक अज्ञात युवक उसके घर आए। बातचीत के दौरान सभी धर्मेंद्र को प्रिंस की जन्मदिन पार्टी में साथ ले गए। रात 11 बजे तक धर्मेंद्र नहीं लौटे तो उसने फोन किया। प्रिंस ने फोन उठाया और कहा- भाभी, भैया अभी खाना खा रहे हैं, सब साथ में ही लौटेंगे। इसके बाद दिव्या सो गई। रात करीब ढाई बजे वही चारों घर पहुंचे।

बताया कि धर्मेंद्र का महेंद्र सिंह के घर के पीछे एक्सीडेंट हो गया है। परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। देखा तो धर्मेंद्र संदिग्धदशा में पड़े मिले। तभी चारों युवक वहां से भाग निकले। परिजनों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। धर्मेंद्र को उपचार के लिए पट्टी सीएचसी पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी दिव्या सिंह का कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि चारों युवकों द्वारा मिलकर रची गई साजिशन हत्या है। तीनों के साथ आए युवक को वह पहचान नहीं सकी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें