एयरबैग से बची ब्लॉक प्रमुख के बेटे की जान, लखनऊ में चल रहा उपचार
- डंपर की टक्कर के बाद खुल गया था कार का एयरबैग, तीन जेसीबी फेल होने के बाद मंगाई गई थीं दो क्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
लीलापुर। वाराणसी- लखनऊ राजमार्ग पर रविवार की रात डंपर की टक्कर से घायल लक्ष्मणपुर ब्लॉक प्रमुख के बेटे शिवम सिंह की जान कार में लगे एयरबैग की वजह से बची थी। हादसे के बाद एयरबैग खुल गया था। उसका लखनऊ में उपचार चल रहा है।
लीलापुर के संडवासोमवंशियान की रहने वाली प्रेमलता सिंह लक्ष्मणपुर की ब्लॉक प्रमुख हैं। उनके पति डॉ. राकेश सिंह भाजपा नेता के साथ ही कई शिक्षण संस्थान के प्रबंधक भी हैं। रविवार की रात करीब आठ बजे सकरनी स्थित कॉलेज से उनका बेटा शिवम कार से घर की ओर चले। वह कार वह खुद चला रहे थे। लीलापुर के खरगपुर पेट्रोल पंप के करीब सामने से मोरंग लदे डंपर ने कार में टक्कर मार दी थी। इसके बाद डंपर कार के अगले हिस्से पर चढ़ गया था। दोनों वाहन गड्डे में चले गए थे। टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त कार से घायल शिवम को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया था। इसके लिए क्रेन से डपर को हटाना पड़ा था।
गैस कटर से दरवाजा काटकर बाहर निकाले गए घायल शिवम को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। सोमवार को परिजन उपचार के लिए उन्हें लखनऊ ले गए। वहां उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लीलापुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
फायरब्रिगेड की टीम भी पहुंची
एसपी सतपाल अंतिल ने हादसे के बाद हालात को देखते हुए फायरब्रिगेड के कर्मचारियों को भी बुला लिया। वे भी डंपर व कार को बाहर निकलवाने में प्रयास करते रहे।
इनसेट
जिसने भी सुना घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा
हादसे में भाजपा नेता डॉ. राकेश प्रताप सिंह व लक्ष्मणपुर ब्लॉक प्रमुख के बेटे शिवम के कार में फंसे होने की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोग दौड़ पड़े। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोग जमा हो गए। हर कोई डंपर व कार के बीच फंसे शिवम को बाहर निकालने के लिए परेशान नजर आया। घटना के कुछ देर बाद पहुंचे भाजपा नेता डॉ. राकेश सिंह भी बेटे को लेकर चिंतित नजर आए।