नौ महीने बाद अब एक शिफ्ट में होगी कॉलेजों मे 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई
कोरोना काल के दौरान कक्षाओं के संचालन का बदल गया था तरीका, कालेजों में तीन महीने से चल रही थी दो शिफ्ट में कक्षाएं, शिफ्ट वाइज लेना पड़ता था क्लास, डीआईओएस ने एक शिफ्ट में कक्षाओं के संचालन का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12वीं तक की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें अब क्लास करने के लिए दो शिफ्ट में विद्यालयों का चक्कर नहीं लगाना होगा। कक्षाओं का संचालन अब पूर्व की तरह ही एक शिफ्ट में होगा। डीआईओएस ने जिले के सभी हाईस्कूल व इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को एक शिफ्ट में विद्यालय संचालित करने का निर्देश दिया है। हालांकि अभी 9वीं से 12वीं तक कक्षाओं का संचालन होगा।
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते इस बार विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था प्रभावित हुई है। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले लॉकडाउन की घोषणा हो गई। इससे नए शिक्षासत्र की शुरुआत नहीं हो सकी। जुलाई माह में स्कूल खुले तो ऑनलाइन पठन-पाठन की पहल शुरू हुई। ऑनलाइन क्लास का संचालन जुलाई माह से लेकर अक्तूबर माह तक चला। 21 अक्तूबर से विद्यालयों में कोविड नियमों के बीच कक्षाओं का संचालन शुरू हुआ। जिसमें 9वीं कक्षा से लेकर 12वीं तक की क्लास के संचालन की अनुमित दी गई। पढ़ाई दो शिफ्ट में शुरू हुई। दो शिफ्ट में विद्यालय तीन बजे तक चलता था। इस दौरान नौवीं कक्षा व 11वीं कक्षा के छात्र पहली शिफ्ट में आते थे, जबकि दूसरी शिफ्ट में हाईस्कूल व इंटर की क्लास चलती थी। ऐसे में बच्चों को काफी असुविधा होती थी। दो शिफ्ट में विद्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था। मगर अब पहले की तरह ही विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन होगा। शासन से निर्देश आने के बाद अब एक शिफ्ट में विद्यालय के संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। डीआईओएस सर्वदानंद ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र के जरिए एक शिफ्ट में विद्यालय के संचालन का निर्देश दिया है। सुबह 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक क्लास संचालित होगी। डीआईओएस सर्वदानंद ने बताया कि कक्षाओं का संचालन एक पाली में होगा। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए है।
इनसेट-----------------
कोविड के नियमों पर देना होगा ध्यान
कोरोना काल में संचालित होने वाली कक्षाओं में कोविड के नियमों का पूरा ध्यान देना होगा। सोशल डिस्टेसिंग के साथ ही मास्क व सैनिटाइजर आदि का प्रयोग करना होगा। संक्रमण से बचाव को लेकर पूरा एहतियात बरतना होगा।