कचहरी में मांगो को लेकर हड़ताल कर प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : PRATAPGARH
अधिवक्ताओं की हत्याओं का सिलसिला नहीं थमने पर बार कौंसिल के आह्वान पर गुरुवार को जिले भर के वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। सुबह कचहरी में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में वकीलों ने प्रतिभाग कर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है।
गुरुवार को जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद मिश्र की अगुवाई में कचहरी में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर विरोध प्रकट किया। लखनऊ के अधिवक्ता शिशिर त्रिपाठी और इलाहाबाद के अधिवक्ता सनाउल्लाखां की हत्या होने और अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी प्रकट की है।
अधिवक्ताओं ने वकीलों की हत्या के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को अविलंब लागू करने की मांग की है। इस मौके पर महामंत्री जेपी मिश्र, मुस्ताक अहमद, मनोज कुमार मिश्र, चंद्र भवन मिश्र, महेश कुमार शुक्ल, रवि कुमार, शिव प्रकाश, विवेक त्रिपाठी, शिव प्रकाश मिश्र, संतोष सिंह, शक्ति सिंह, बद्रीनारायण तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।