बाबागंज विकास खंड की लरु ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास में फर्जीवाड़ा उजागर होने पर पीडी पर गाज गिरी है। डीएम शंभु कुमार ने फर्जीवाड़े के लिए पीडी को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। डीएम ने तत्कालीन बीडीओ और लेखाकार के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा है।
बाबागंज विकास खंड की लरु ग्राम पंचायत में व्यापक स्तर पर फर्जीवाड़ा उजागर होने पर जिला प्रशासन जहां हतप्रभ है, वहीं डीएम ने कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। दो ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के निलंबन के साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद परियोजना अधिकारी दयाराम यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
डीएम ने तत्कालीन बीडीओ ओमनिरंकार मिश्र के खिलाफ कार्रवाई के लिए आयुक्त ग्राम्य विकास को पत्र लिखा है, तो लेखाकार ओंकारनाथ सिंह पर कार्रवाई के लिए निदेशक को पत्र लिखा गया है। डीएम ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी नरेश कुमार यादव और सुशील कुमार जायसवाल, एडीओ पंचायत अनिरुद्ध प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान गयादीन, जेई जगदीश प्रसाद शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूरे मामले के पर्यवेक्षण में पीडी को दोषी मानते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।