प्रतापगढ़ में तैनात रही (अब प्रयागराज में तैनाती) एक महिला अफसर के खिलाफ शाहजहांपुर एसीजेएम कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। प्रतापगढ़ में तैनाती के दौरान महिला अधिकारी ने शाहजहांपुर के रहने वाले गुरुविंदर सिंह के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने गुरुविंदर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने कोर्ट में अर्जी देकर महिला अफसर पर प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप लगाया। मामले में कोर्ट ने महिला अफसर के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
वर्ष 2021 में प्रतापगढ़ में तैनात रहीं महिला अफसर को लेकर खासा बवाल मचा था। शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के बसंतापुर के रहने वाले गुरुविंदर सिंह ने महिला अफसर के आवास पर पहुंचकर हंगामा किया था। इस मामले में महिला अफसर की तहरीर पर पुलिस ने गुरुविंदर के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।