बुआ के घर से लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो ड्राइवर ने उन पर भी ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। बाद में चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए उस पर मौजूद कुछ मजदूरों को हिरासत में ले लिया। महेशगंज थाना क्षेत्र के किशुनी गांव निवासी शशिवेंद्र (25) पुत्र हरिकेश सिंह अपनी बुआ के घर फतेहपुर जनपद गया था। दोपहर में करीब दो बजे वह लौट रहा था। इस दौरान मानिकपुर थाना क्षेत्र के कुंडा गोतनी रोड पर बरगदहा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवक को संभलने का मौका ही नहीं मिला। वह टायर के नीचे बाइक सहित आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मानिकपुर पुलिस ने ट्रक का पीछा करवाया। इस दौरान ड्राइवर ने पुलिस वालों को भी कुचलने का प्रयास किया। काफी देर के प्रयास के बाद भी ड्राइवर को लगा कि वह पकड़ा जाएगा। ऐसे में वह ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए उस पर मौजूद मजदूरों को भी हिरासत में ले लिया। उधर सूचना पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उसकी हालत देख उनमें चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।