मानधाता थाना क्षेत्र के घाटमपुर भदोही निवासी शरद कुमार सिंह (21) की गौरीगंज में ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। साथी भी घायल हो गया। खबर घर पहुंची तो परिजन रोते बिलखते हुए घटनास्थल की ओर भागे। पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।
गांव के वीपी सिंह का इकलौता पुत्र शरद लखनऊ में बीटेक फाइनल का छात्र था। वह बुधवार को अपने साथी मनीष कुमार निवासी मेठहा थाना उदयपुर के साथ गौरीगंज स्थित एक कंपनी में इंटरव्यू देने गया था। वहां से निकलकर दोनों एक किमी घर की ओर बढ़े थे तभी ओवरटेक करने वाले ट्रक की चपेट में उसकी बाइक आ गई। इससे शरद ट्रक के पहिए के नीचे गिर गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि साथी मनीष भी घायल हो गया। इकलौती बेटे के मौत की खबर रात करीब दस बजे परिवार के लोगों को मिली तो परिजन रोने बिलखने लगे। परिवार के लोगों के साथ कटरामेदनीगंज के चेयरमैन रामकिशोर साहू, विनय सिंह, भोल्लन, अमर बहादुर, सर्वजीत सिंह, रुद्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोग घटनास्थल की ओर रवाना हुए। देर शाम शव लेकर परिजन घर पहुंचे तो परिजन रोते हुए बेहोश हो गए।