करंट की चपेट में आने से लाइनमैन के भाई की मौत हो गई। वह भाई के स्थान पर ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। हादसे के बाद उसके घर में मातम छाया है। कंधई थाना क्षेत्र के कापा निवासी विजय यादव (35) का भाई अजय संविदा लाइनमैन है। अजय के पैर में चोट लग गई है। इसके बाद भी वह अपने भाई विजय को काम पर भेजा करता था। गुरुवार की शाम अजय शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर बनाने ताला गांव गया। पैर खराब होने के कारण अजय नीचे खड़ा हो गया और अपने भाई विजय को पोल पर चढ़ाकर काम कराने लगा। इस बीच बिजली सप्लाई चालू हो गई। करंट के झटके से विजय पोल से नीचे गिर पड़ा।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। रास्ते में विजय की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। अजय ने बताया कि चिलबिला उपकेन्द्र पर तैनात एसएसओ शंकर से फोन पर शटडाउन लिया था। जबकि दूसरे एसएसओ तौफीक ने सप्लाई चालू कर दी। इस बाबत जानकारी करने के लिए एसडीओ से लेकर जेई के पास फोन लगाया गया लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। एक्सईएन एसपी मिश्रा ने बताया कि लाइनमैन की गलती है। वह घायल था तो उसे अवकाश पर रहना चाहिए। दूसरे से काम कराया जाता। इससे बिजली विभाग के अधिकारियों का कोई लेना देना नहीं है।