प्रतापगढ़/ कटरामेदनीगंज/देल्हूपुर/कुंडा। महीने का पहला शनिवार चार लोगों के लिए काल बन गया। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में छात्र-छात्रा समेत चार लोगों की जान चली गई। घटनाओं के चलते मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची रही। मानधाता थाना क्षेत्र के रामपुर मुस्तरका गांव निवासी ममता सिंह उर्फ श्रेया (17) पुत्री लालदिनकर सिंह उर्फ राजेश सिंह अनंत प्रसाद सिंह इंटर कालेज भदोही में कक्षा 11 की छात्रा थी। रोजाना की तरह शनिवार सुबह घर से वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। भदोही गांव के पास प्रतापगढ़ से मानधाता की ओर जा रहे खाली ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौका पाकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर ममता के परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल के चिकित्सकों ने ममता को मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। हादसा करने वाले ट्रक को सिटी पुलिस ले गई। ममता की मौत की खबर मिलने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भी अस्पताल पहुंचे। शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर उसकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और स्कूल बंद कर दिया। ममता तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उसकी मौत से विद्यालय में भी शोक की लहर थी।
वहीं मानधाता थाना के खूझाी गांव निवासी आरती (25) पति स्वामीनाथ के साथ बाइक से शनिदेवधाम दर्शन करने गई थी। दोपहर बाद दोनों घर लौट रहे थे। गजेहड़ा पहाड़पुर के पास इलाहाबाद की ओर से प्रतापगढ़ आ रही अनियंत्रित अनुबंधित बस ने सामने से स्वामीनाथ की बाइक में टक्कर मार दी। वह करीब 100 मीटर तक बस के साथ घसीटता चला गया। हादसे में आरती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्वामीनाथ की हालत नाजुक है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरती के शव को कब्जे में लेकर स्वामीनाथ को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। हादसे की खबर परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। रोते बिलखते कुछ लोग इलाहाबाद रवाना हो गए तो कुछ लोग जिला अस्पताल पहुंचे। उधर हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। नाराज लोगों ने अनुबंधित बस में तोडफ़ोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
अंतू थाना के बंडा गांव के पास अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से रायबरेली के युवक की मौत हो गई। रायबेरली जनपद के शिवगढ़ पेड़रिया गांव निवासी हरिशंकर सिंह (34)पुत्र स्व. रामफेर बाइक से प्रतापगढ़ आया था। देर रात वह घर लौट रहा था। जैसे ही बंडा गांव के पास पहुंचा कि अनियंत्रित ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने हरिशंकर सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी हरिशंकर के परिजनों को दे दी है। खबर लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम हाऊस नही पहुंच सके थे।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के जाखामई गांव निवासी रंजीत यादव (20) पुत्र कृष्णापति यादव उर्फ पप्पू कुंडा के भगवत प्रसाद इंटर कालेज में इंटर का छात्र था। वह हर दिन सुबह दौड़ लगाने के लिए हाईवे पर अपनी दुकान तक जाता था। इसके बाद दुकान खोलता था। शनिवार की भोर में वह घर से निकला और दौड़ते हुए दुकान की तरफ चल दिया। कुंडा कोतवाली के मवई रेलवे फाटक के पास पीछे से आ रहा अनियंत्रित ट्रक उसे कुचलने के बाद आगे जा रहे कुल्फी वाले को टक्कर मारते हुए निकल गया। रंजीत की मौके पर ही मौत हेा गई, जबकि कुल्फी वाले को आंशिक चोटें आईं और वह चला गया। जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कोतवाली ले आई। बाद में सूचना पर उसके परिजन भी रोते बिलखते कोतवाली पहुंचे। कोतवाली में ही उसके शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रंजीत के दो बड़े भाई जबर सिंह व जसबीर सिंह हैं। उसकी एक बड़ी बहन आशू है जिसकी शादी तय हो चुकी है। घर में सबसे छोटा होने के चलते वह सबका दुलारा था। उसकी मौत से पिता बेहोशी की स्थिति में है तो मां पर तो जैसे बज्रपात हो गया है। उसके विद्यालय भागवत प्रसाद इंटर कालेज में दोपहर में छुट्टी कर प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता ने भी शोक व्यक्त किया।