लालगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहंगपुर गांव के समीप बुधवार को सड़क हादसे में दो माह के बच्चे की मौत हो गई। डंपर की टक्कर से उसका शरीर तीन टुकड़ों में बंट गया। दुर्घटना में मां-बाप भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चालक समेत डंपर को कब्जे में ले लिया है। वहीं लालगंज में सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
लालगंज के लोहंगपुर बाबू का पुरवा निवासी राजू पटेल (30) पत्नी मंजू देवी (27) और दो माह के बच्चे को लेकर बुधवार को इलाज कराने रानीगंज कैथौला इलाके के करहिया गांव गया था। इलाज के बाद तीनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। लोहंगपुर के समीप सामने से आ रहे बेकाबू डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव तीन हिस्सों में सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना में दंपति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर पर तमाम लोग आ गए। मंजू तो अचेत हो गई थी, लेकिन पिता अपने कलेजे के टुकड़े के शव को बिखरा देख बदहवास हो गया। सूचना पर रानीगंज कैथौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। आरोपी चालक और डंपर को कोतवाली ले गई। घायल दंपति को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकाें ने मंजू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
वहीं लालगंज में हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार छात्र व उसके दो साथी घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे के क्षेत्र के रसूलपुर गुलरहा का अंकित तिवारी(18) पुत्र वृंदावन तिवारी अपने दो साथियों धर्मेंद्र रजक (20) पुत्र राम बहाुदर व शिवम तिवारी (21) पुत्र स्व. पवन तिवारी के साथ बाइक से बीए में दाखिला कराने कस्बा स्थित सरस्वती विज्ञान एवं प्रौद्यौगिकी महाविद्यालय जा रहे थे। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर धुधआ गाजन टेढुई मोड़ पर शहर की ओर जा रहे चार पहिया वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल पलट गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। कोतवाली पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से घायलाेें को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने तीनों घायलाें को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।