कुंडा इलाके में बुधवार को दो किशोर दुअर नाले में डूब गए। दोनों नहाने के लिए गए थे। एक का शव लोगों ने खोज निकाला। दूसरे की ग्रामीण खोजबीन करते रहे। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। गांव के लोग परिवार के लोगों को संभालते रहे। नरसिंहगढ़ निवासी राजेंद्र का तेरह वर्षीय बेटा सनी अपने साथी बाबा (13) पुत्र दिलीप निवासी समापुर के साथ खेलने गया था। खेलने के बाद दोनों घर के करीब से गुजरे दुअर नाले में नहाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो नहाने के दौरान अचानक बाबा डूबने लगा। जिसे बचाने के लिए सनी दौड़ा। बाबा के साथ वह भी डूबने लगा। यह देख आसपास नहा रहे दूसरे बच्चों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। लोगों के पहुंचने से पहले ही दोनों गहरे पानी में समा चुके थे। ग्रामीण उनकी खोजबीन करने के लिए नाले में उतर गए। इस बीच बाबा का शव ग्रामीणों ने खोज निकाला। जबकि सनी की तलाश में ग्रामीण नाले में डूबते उतराते रहे। अंधेरा होने के बाद वाहनों की रोशनी में लोग सनी की तलाश करते रहे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। मौके पर पहुंचे परिजनों के करुण कंदन से हर किसी की आंखें नम हो गईं।