लालगंज कोतवाली के बाबूगंज में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह बिजली जाने के बाद इनवर्टर का कनेक्शन जोड़ रहा था। तभी बिजली आ गई। जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
लालगंज के बाबूगंज डीहमेंहदी निवासी महेश कुमार (25) पुत्र रामलखन गुरुवार को परिजनों के साथ छत पर सो रहा था। रात करीब 11 बजे लाइट चली गई तो महेश इनवर्टर से कनेक्शन जोड़ने लगा। इस दौरान अचानक बिजली आने से वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां थोड़ी ही देर बाद उसकी सांसें थम गईं। युवक की मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुबह होने पर ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस जिला अस्तपाल पहुंची और शव का पंचानामा कर पीएम के लिए भेजवाया।
आग से झुलसी विवाहिता ने दम तोड़ाः लालगंज (ब्यूरो)। कोतवाली के भकरा गांव में बीती तीन जुलाई को संदिग्ध परिस्थियों में रेखा (23) पत्नी छेदीलाल वर्मा आग से झुलस गई थी। घटना के बाद से परिजन उसका इलाज इलाहाबाद की एक निजी अस्पताल में करा रहे थे। गुरुवार की रात अचानक तबीयत खराब होने से उसकी सांसें थम गईं। इसकी जानकारी गांव पहुंची तो परिजनाें में कोहराम मच गया। विवाहिता की मौत को लेकर अभी किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी है।