सोमवार को लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बोलेरो की टक्कर से छात्रा की मौत हो गई। जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा रहा।
रानीगंज थाना क्षेत्र के सुलतानपुर निवासी वीरेंद्र शुक्ला की पुत्री ज्योति शुक्ला (19) सराय सुल्तानी स्थित कुंती देवी महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। सोमवार की सुबह सहेली आरती (19) पुत्री अमर बहादुर के साथ साइकिल से कालेज के निकली। दोनों लखनऊ- वाराणसी राजमार्ग से होते हुए कालेज की ओर बढ़ रही थी।
खुशिहालगढ़ के करीब पीछे से आ रही बेकाबू बोलेरो ने दोनों की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों गिर पड़ीं। इस दौरान ज्योति को कुचलते हुए बोलेरो निकल गई। यह देख आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चालक बोलेरो लेकर भाग चुका था। स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ दोनों सहेलियों को इलाज के लिए दूसरे वाहन से लेकर अस्पताल भागे। रानीगंज सीएचसी के डाक्टरों ने ज्योति को मृत घोषित कर दिया और आरती का उपचार करने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी ज्योति के परिजनों को हुई तो वे रोते बिलखते अस्पताल पहुंच गए। वहां कालेज की छात्राएं व छात्र भी पहुंच गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।