अब डाकघरों में सरकारी कागजात छोड़कर चिट्ठी आनी बंद ही हो गई है। सरकारी कागजात जैसे एटीएम व आधारकार्ड आता भी है तो पोस्टमैन उसे पहुंचाने में आनाकानी करते हैं। पोस्टमैन अपनी ड्यूटी सुबह और शाम चार घंटे होने की बात कहते हैं। इससे आधार कार्ड न पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चिट्ठी आनी लगभग बंद हो गई है। आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम, लाइसेंस के साथ सरकारी कागजात डाकघर से आते हैं मगर इनको पोस्टमैन पहुंचाने की जगह डाकघर के एक कोने में कूड़ा जैसे फेंक देते हैं। लोगों को खुद लेने डाकघर जाना पड़ता है। डाकिया निर्धारित पते पर कार्ड नहीं पहुंचा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग काफी परेशान रहते हैं। उप डाकघर के पोस्टमैन से पूछते हैं तो टका सा जवाब मिलता है कि दो घंटे सुबह व दो घंटे शाम की ड्यूटी होती है। इतने समय में जहां पहुंच पाते हैं वहां कार्ड वितरित किया जाता है।
राजगढ़ दानपुर निवासी कांग्रेस नेता वेदप्रकाश तिवारी ने प्रवर डाक अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। वेद प्रकाश ने उप डाकघर के कर्मचारियों पर आरोप लगाया है कि जिन लोगों का आधार कार्ड बन कर आया है उसे वितरित नहीं किया जा रहा है। इससे एक ओर कार्डधारक परेशान हो रहे हैं वहीं डाक विभाग के लोग कार्ड कोे डंप कर रखे हैं या फिर उसे कूड़ेदान में फेंक दे रहे हैं। उन्होंने आधार कार्ड वितरित कराने की मांग की है।