कोतवाली क्षेत्र के चौंसा निवासी नरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो सितंबर की रात लगभग नौ बजे वह गैस एजेंसी के पास से अपनी स्कूटी से घर जा रहे थे। तभी एजेंसी के पीछे मौजूद नीलेश मिश्रा और लव मिश्रा ने उन्हें रोककर गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर लव मिश्रा ने पिस्टल की बट से उसके चेहरे पर हमला कर दिया जिससे वह गिर पड़े।
इसके बाद नीलेश मिश्रा ने उन्हें लात-घूंसों और डंडे से पीटा। इस दौरान उनका हाथ भी टूट गया। शोर मचाने पर जब गांव के लोग दौड़े तो हमलावर दोनों भाई धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिले।
जानकारी होने पर पहुंचे परिजन घायल नरेंद्र को उपचार के लिए सीएचसी कुंडा ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लव मिश्रा व नीलेश मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।