जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में तनाव को देखते हुए दो थानों की पुलिस तैनात है। पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाने के साथ ही हत्यारोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की बात कही है।
उदयपुर थाना के नरवल गांव में पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार की रात दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। जिसमे दोनों पक्षों के तेरह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस घटना में छह लोग घायल हुए थे। एक पक्ष की ओर से गंभीर रूप से घायल नरसिंह बहादुर सिंह का लखनऊ के एक अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज चल रहा था।
इलाज के दौरान सोमवार की शाम नरसिंह बहादुर सिंह की मौत हो गई। मौत की सूचना मृतक के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। गांव में तनाव को देखते हुए उदयपुर थाने के साथ सांगीपुर एसओ की तैनाती की गई है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को घर पहुंचने की संभावना है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लालगंज सीओ रामसूरत सोनकर का कहना है कि घटना को लेकर हत्या के प्रयास के दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा में बढ़ोतरी की जा रही है। हत्यारोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।