रानीगंज थाना क्षेत्र के मुआर आधारगंज बंसी के रहने वाले 21 वर्षीय प्रमेंद्र उर्फ राजू यादव ने सोमवार दोपहर रिश्तेदारी शाहपुर में फंदे से झूलकर जान दे दी। खबर मिलते ही परिजन रोते बिलखते पहुंचे। चर्चा है कि उसने प्रेम प्रसंग में आत्मघाती कदम उठाया है।
मुआर अधारगंज बंसी निवासी जय शंकर यादव का बड़ा बेटा सोमवार को अपनी बुआ के घर शाहपुर गया था। मौका पाकर घर से सौ मीटर दूर पंपिंगसेट पर पहुंचा। वहां कमरे में उसने फंदा लगाकर जान दे दी। इस बीच परिवार वाले पहुंचे। शोर शराबा होने पर गांव के लोग पहुंच गए और उसे फंदे से नीचे उतारा। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
खबर मिलने पर परिजन भी रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजन पोस्टमार्टम से इन्कार करते रहे। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने परिजनों को समझा बुझाकर शव मॉर्चरी भेजा। ग्रामीण इस बात की चर्चा कर रहे थे आशनाई में उसने आत्मघाती कदम उठाया है। उसकी प्रेमिका ने भी कुछ दिन पहले मौत को गले लगाया है, इससे वह तनाव में रहता था। हालांकि परिवार के लोग कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
पिता के साथ बाहर रहता था मृतक
मृतक राजू यादव अपने पिता जय शंकर यादव के साथ महाराष्ट्र में डेयरी की दुकान पर रहता था। वह पिता के साथ 6 जून को चचेरे भाई अनिल यादव की शादी में शामिल हाेने आया था।
जय शंकर यादव के 4 बच्चे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सबसे बड़ा राजू यादव था। उससे छोटा अमन यादव है। राजू घर पर रुक गया और अमन पिता के साथ मुंबई चला गया। खबर मिलने पर पिता व भाई घर के लिए रवाना हो गए।