पत्नी से विवाद के कारण सदमे में आए युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई। फतनपुर थाना क्षेत्र के रहेटुआ परसरामपुर निवासी रजत सिंह उर्फ नन्हके (26) सोमवार की रात घर में सो रहा था। अचानक उल्टी शुरु होने पर परिजन उसे गौरा सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण युवक ने मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर चले आए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया। परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले वह ससुराल गया था। जहां पत्नी को साथ घर आने को लेकर विवाद हो गया। इससे क्षुब्ध होकर युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी।
थाना प्रभारी राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घरेलू कलह की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मौत की वजह स्पष्ट न होने पर चिकित्सकों ने जांच के लिए विसरा सुरक्षित कर लिया है।