विद्यार्थियों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे शिक्षक की डूबने से मौत हो गई। रोते बिलखते हुए परिजन मानिकपुर शाहाबाद घाट पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मानिकपुर निवासी मनोज मौर्य (44) रायबरेली शहर की कोचिंग में नीट परीक्षा की तैयारी कराते थे। रविवार को वह अपने दो छात्रों रायबरेली के ऊंचाहार निवासी धीरज मिश्रा और बहराइच के प्रशांत के साथ गंगा स्नान करने के लिए मानिकपुर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार शिक्षक ने पहले घाट पर मोबाइल से रील बनाई। छात्रों के साथ मुख्य स्नान घाट से करीब 150 मीटर दूर स्नान करने चले गए।
नाविकों के अनुसार नदी की बीच धारा के पास भी रील बनाने का प्रयास किया। इस बीच मनोज गहरे पानी में समा गए। छात्र धीरज ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगा। नदी के किनारे खड़े नाविकों ने युवकों को डूबते देख नाव से पहुंचे। धीरज को किसी तरह नाविकों ने बचा लिया लेकिन मनोज की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस की मौजूदगी में करीब दो घंटे के प्रयास के बाद नाविकों ने शव को नदी से खोज निकाला। सीएचसी कालाकांकर पहुंचने पर चिकित्सकों ने शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिष्यों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों छात्रों के मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। पैतृक गांव से रोते बिलखते हुए परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पति की मौत की जानकारी पर पत्नी भी दो बेटों के साथ रायबरेली से रवाना हुई है।