a reward of 25 thousand arrested for killing a business partner arrested
- फोटो : PRATAPGARH
गाजीपुर जिले में लकड़ी के व्यवसाय के अपने पार्टनर की हत्या कर शव को जंगल में छिपाने के मामले में आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। सात वर्षों से वह पुलिस की आंख में धूल झोंक कर फरार चल रहा था। हत्यारोपी पर अफसराें ने पच्चीस हजार का इनाम घोषित किया था।
लालगंज कोतवाली के मिश्रपुर लीलापुर निवासी विनोद कुमार ओझा पर आरोप है कि उसने सात वर्ष पहले गाजीपुर जिले में अपने लकड़ी व्यवसायी पार्टनर श्यामराम विश्वकर्मा की वर्ष 2013 में हत्या की थी। हत्या के बाद आरोपी विनोद कुमार ओझा ने पार्टनर का शव गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना इलाके में जंगल में छिपा दिया। बाद में पुलिस को जानकारी हुई तो आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन घटना के बाद से आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार रहा। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अफसराें ने उसके ऊपर पचीस हजार रूपए का ईनाम रख दिया। इसके बाद से पुलिस ने हत्यारोपी की तलाश तेज कर दी। गुुरुवार को लालगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती व लीलापुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने चेकिंग लगा रखी थी। लीलापुर पुलिस चौकी के सामने पुलिस की चेकिंग देख बुलेट से जा रहा हत्यारोपी विनोद कुमार ओझा भागने लगा। लेकिन कोतवाल व चौकी प्रभारी ने भाग रहे हत्यारोपी को घेरकर दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस को जानकारी हुई कि गिरफ्त में आया बदमाश हत्यारोपी है और उस पर पच्चीस हजार का ईनाम घोषित है। प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती ने बताया कि हत्यारोपी ईनामी बदमाश है और उसकी पुलिस को तलाश थी। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उधर कमौरा चौकी प्रभारी हारुन खान ने चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कन्हैया निवासी रानीगंज कैथौला को लीलापुर एसबीआई के समीप से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।