थाना क्षेत्र के बेधनगोपालपुर गांव निवासी दिव्यराज सिंह से आर्मी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिव्यराज सिंह ने बताया कि लगभग तीन माह पूर्व उनकी पहचान राज सिंह उर्फ तुषार सिंह निवासी शुकुलपुर एवं सौरभ कश्यप निवासी धारूपुर से हुई। आरोप है कि दोनों ने खुद को आर्मी भर्ती में प्रभाव होने का दावा करते हुए उन्हें टीए (टेरिटोरियल आर्मी) में नौकरी दिलाने की गारंटी दी। इसके एवज में आठ लाख रुपये ले लिए। दिव्यराज के अनुसार, पैसे देने के बाद दोनों आरोपी लापता रहने लगे। नौकरी नहीं लग पाई तो रुपये वापस मांगे। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मानिकपुर। थाना क्षेत्र के शाहाबाद वार्ड निवासी मुख्तार अहमद के वाद पर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुख्तार अहमद ने बताया कि दो अगस्त को वह अपने भाई साबिर अली के साथ अलीगंज बाजार में लहसुन का भाव ले रहे थे। इसी दौरान मोहम्मद आजाद, मोहम्मद सरताज, दिलशाद, शहजादे और खालिद निवासी मिरगड़वा एक राय होकर पहुंचे और दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनके पास रखे 25 हजार रुपये भी छीन लिए। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। संवाद