पड़ोसी के घर की रखवाली कर रहे युवक पर सोते समय चाकू व लाठी डंडे से पड़ोसियों ने हमला बोल दिया। युवक का हाथ पैर तोड़ डाला। सिर में भी गंभीर चोट देख डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया।
अंतू थाना क्षेत्र के लोहंगपुर निवासी राजकुमार (42) पुत्र भगवतीदीन अपने पड़ोसी गोली के घर की रखवाली करने के लिए सोमवार की रात सोने गया था। रात करीब दो बजे गोली के परिवार के लोगों ने उस पर चाकू ,लाठी व डंडे से हमला बोल दिया। पिटाई के दौरान उसका बायां पैर व हाथ तोड़ डाला। सिर में भी कई जगह चोटें आईं। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग दौड़े तो उसकी जान बची। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे लेकर किशुनगंज सीएचसी पहुंचे। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अंतू पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का बयान दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस ने दबिश दी लेकिन कोई नहीं मिला। एसओ अंतू ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। घटना की वजह खंगाली जा रही है। वैसे घटना आशनाई से जुड़ी होने की बात का पता चल रहा है।