प्रतापगढ़। जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजदत्त मिश्र और वकील प्रभाकर सिंह मीनू की हत्याओं की जांच सीबीआई करेगी। प्रदेश सरकार ने जांच के लिए अपना सहमति पत्र हाईकोर्ट को दे दिया है। माना जा रहा है कि सरकार की सहमति के कारण ही हाईकोर्ट द्वारा गठित एसआईटी अभी तक बेल्हा नहीं पहुंच सकी है।
अधिवक्ता राजदत्त की हत्या 19 दिसंबर 2013 और मीनू की हत्या फरवरी में की गई थी। राजदत्त की हत्या के दिन से ही जिले के वकील सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलित थे। पुलिस ने राजदत्त के साथ ही मीनू सिंह की भी हत्या का खुलासा किया, लेकिन वकील इससे सहमत नहीं हुए और सीबीआई जांच की मांग जारी रही। 14 फरवरी को दोनों मामलों की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने एडीजी रूल एंड रेगुलेशन अरुण कुमार के नेतृत्व में दोनों हत्याओं की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। टीम के सदस्यों के होली बाद से ही जिले में आने की उम्मीद लगाई जा रही थी। चार सप्ताह में कोर्ट ने एसआईटी से रिपोर्ट भी मांगी थी पर आधा समय बीतने के बाद भी टीम के लोग यहां पहुंचे ही नहीं। शनिवार को एसपी दीपक कुमार ने बताया कि सरकार ने सीबीआई जांच के लिए अपनी सहमति जताते हुए रिपोर्ट हाईकोर्ट में दे दी है। जल्द ही मामले में अगली तारीख लगेगी। उम्मीद है कि उसी दिन कोई निर्देश मिलेगा।