प्रतापगढ़। रेलवे यात्रियों की सुविधा में एक और इजाफा करने जा रही है। शुद्ध भोजन के लिए स्टेशनों पर बेस किचन स्थापित किया जाएगा। रेलवे की निगरानी में बनने वाला यह भोजन एकदम शुद्ध और डाइट को ध्यान में रखकर पौष्टिक बनाया जाएगा।
ट्रेनों में पैंट्री कार लगने से ट्रेनों में तो यात्रियों को खाना मिल जाता है। बावजूद इसके अतिरिक्त यात्रियों को शुद्ध भोजन नहीं मिल पाता। वेंडरों द्वारा बनाया जाने वाला भोजन यात्रियों के खाने लायक नहीं होता। यही नहीं यह भोजन कब और कहां बनता है इसकी जानकारी रेलवे को नहीं हो पाती। इसके चलते इसकी चेकिंग भी नहीं हो पाती। इससे यात्री स्टेशनों पर खाने के लिए परेशान होते हैं। बड़े स्टेशनों पर तो कुछ हद तक इसकी सुविधा है, लेकिन छोटे स्टेशनों पर यात्रियों को वेंडरों द्वारा दी जाने वाली पूड़ी-सब्जी से ही संतोष करना पड़ता है। इसके चलते अब रेलवे छोटे स्टेशनों पर बेस किचन स्थापित करेगी। यह स्टेशन की बिल्डिंग में बनाया जाएगा। इसका टेंडर जरूर निजी फर्मों को दिया जाएगा लेकिन भोजन बनने की निगरानी रेलवे स्वयं करेगी। इसके साथ ही स्वच्छ और गुणवत्तायुक्त खाना ही इसमें बनेगा। यह व्यवस्था स्टेशन पर भी जल्द ही शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से ट्रेनों पर सफर करने वाले यात्रियों को भी अच्छा भोजन मिल सकेगा। बेस किचन के वेंडर इसकी सप्लाई ट्रेनों पर भी करेंगे। यानी शुद्धता के साथ ही स्टेशन पर सेहतमंद खाना भी अब यात्रियों को मिलेगा।
रेलवे ने स्टेशन पर वेंडरों द्वारा बनाकर बेचा जाने वाला खाना भी चेक करने का निर्देश जारी किया है। स्टेशन पर पैकेट बंद खाद्य सामग्री के अलावा बिकने वाली सभी खाद्य सामग्री चेक की जाएगी। खासतौर से पकौड़े आदि के तेलों की क्वालिटी और बनाने के तरीकों की जांच की जाएगी। यह सारी जिम्मेदारी स्टेशन पर सीएमआई और स्टेशन अधीक्षक की होगी।