शहर के दहिलामऊ स्थित साकेत गर्ल्स पीजी कालेज में गुरुवार को मतदाता जागरूकता रथयात्रा का स्वागत कर छात्राओं ने चुनाव के दौरान मतदान करने का संकल्प लिया। बीएड की छात्राओं ने भारतीय संसद की झांकी प्रस्तुत कर आनलाइन मतदान करने की व्यवस्था जारी करने की मांग की।
साकेत पीजी कालेज में बीएड की छात्राओं ने भारतीय संसद की झांकी प्रस्तुत कर मतदाताओं के हित में अनेक सुझाव दिए। प्राइमरी स्कूलों में मतदाता जागरूकता का पाठ्यक्रम लागू करने, आनलाइन मतदान की व्यवस्था करने, वृद्ध लोगों के लिए सचल मतदान केंद्र की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। मतदान दिवस को एक त्योहार की भांति मनाने का आह्वान करते हुए मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संकल्प छात्राओं को दोहराया। अपर जिलाधिकारी पुनीत शुक्ला ने सिंदूर का पेड़ लगाकर औषधि वाटिका का शुभारंभ किया। हर्षित श्रीवास्तव ने युवा मतदाताओं को मतदान की कीमत बताई।