फतनपुर पुलिस को चुनौती देते हुए बदमाशों ने माह भर के भीतर फिर ग्रामीण बैंक को निशाना बनाया। बदमाश नौ ताले तोड़ने के बाद तिजोरी तक पहुंच गए लेकिन उसका सिर्फ हैंडिल ही टूट सका। यहां से नाकाम बदमाशाेें ने बैंक के सामने शराब की दुकान के सेल्समैन से तमंचे के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए।
बदमाशाें ने बीती रात फतनपुर बाजार स्थित ग्रामीण बैंक के मुख्य गेट, छह कमराें और तिजोरी के कमरे में लगे कुल नौ ताले तोड़ डाले। बदमाश तिजोरी तक पहुंचे लेकिन उसका सिर्फ हैंडिल ही तोड़ सके। ऐसे में उन्हें खाली हाथ बाहर निकलना पड़ा। इसके बाद बदमाशाें ने बैंक के सामने देशी शराब की दुकान के भीतर सो रहे सेल्समैन अशोक कुमार यादव को तमंचे के बल पर अर्दब में लिया और कैश बाक्स में रखे 80 हजार 40 रुपये लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद सेल्समैन ने पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। सुबह आसपास के लोगों ने बैंक का ताला टूटा देखा तो शाखा प्रबंधक विनोद कुमार सिंह को सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो देखा कैश सुरक्षित था। जानकारी मिलने पर फतनपुर के प्रभारी निरीक्षक एसएसके जायसवाल मौके पर पहुंचे। माह भर के भीतर दोबारा बैंक के ताले टूटने के सवाल पर उन्हाेंने कहा कि सिपाहियों की संख्या कम होने से गश्त नहीं हो पा रही है।