इलाके में मनचलों ने बस से घर जा रहीं छात्राओं से बस रोककर छेड़छाड़ की। पिटने की नौबत आने पर बाइक सवार युवक धमकी देते हुए भाग निकले। जिस किशोरी के साथ छेड़छाड़ की गई वह होमगार्ड की बेटी बताई जा रही है।
तहसील मुख्यालय पर कई इंटर कालेज व डिग्री कालेज होने के कारण हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं तहसील मुख्यालय आती हैं। कालेज गेटों पर इन मनचलों का आतंक छाया रहता है। ये छात्राओं पर फब्तियां कसते रहते हैं। बुधवार को छात्राओं की बस नगर इलाके से थोड़ा आगे कलियनापुर गांव के समीप पहुंचीं तो दो बाइक सवार चार युवकों ने बस ही रोकवा लिया। युवक छात्राओं के साथ छेड़खानी व बदतमीजी करने लगे। बस में सवार यात्रियों ने इसका विरोध जताना शुरू कर दिया। लोगों को खासा आक्रोशित देख पिटाई की नौबत आने पर युवक धमकी देते हुए बाइक पर सवार होकर निकल गए। जिस किशोरी के साथ छेड़छाड़ की गई वह कोतवाली में तैनात एक होमगार्ड की बेटी है। मनचलों के इस दुस्साहस की खबर कुछ ही देर में नगर क्षेत्र में फैल गई। इलाके के लोगों ने कालेज गेटों पर पुलिस बल तैनात किए जाने की मांग उठाई है। कोतवाल हरिशंकर राय ने कहा कि युवकाें की तलाश की जा रही है।