शहर के पंजाबी मार्केट में बाइक सवार ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा और पूरा मार्ग जाम रहा गया, लेकिन तिराहे पर मौजूद पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे।
शनिवार की शाम बिहारगंज का एक युवक बाइक लेकर तहसील मार्ग पर जा रहा था। पंजाबी मार्केट में एक कपड़े की दुकान के बाहर व्यापारी की स्कूटी खड़ी थी। बाइक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। यह देख दुकानदारों ने बाइक सवार को रोक लिया और उससे हर्जाना मांगने लगे। इस बीच युवक ने ठठेरी बाजार से अपने रिश्तेदार को बुला लिया। वह दर्जनों लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और हर्जाना मांग रहे लोगों को धमकाने लगा। दबंग युवकों का उत्पात देख कुछ देर पहले आक्रामक हो रहे दुकानदार भी कन्नी काटने लगे। इसके चलते तहसील और श्रीराम तिराहा मार्ग पर जाम लग गया। हंगामे की खबर शहर पुलिस तक भी पहुंची लेकिन चौकी के सिपाही तिराहे पर आकर रुक गए। बवाल करने वाले लोगों को रोकने का साहस पुलिसकर्मी नहीं दिखा सके। प्रभारी शहर कोतवाल उदय प्रताप सिंह ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।