कुंडा। हथिगवां थाना क्षेत्र के दला का पुरवा गांव में फौजी के पिता को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया गया। सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भाई की तहरीर पर अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
उक्त गांव निवासी लाला यादव (60) का पुत्र कमलेश सेना में सिपाही है और पुणे में तैनात है। लाला यादव बुधवार शाम भोजन कर घर के बाहर सो गया। रात में अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। चीख सुनकर समीप सो रहा पौत्र निशांत (9) जग गया, लेकिन हमलावर अंधेरे में फरार हो गए। निशांत के शोर मचाने पर परिजनों समेत ग्रामीण जमा हो गए। आनन-फानन में परिजन उसे स्थानीय उपचार के बाद इलाहाबाद ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही सांसें थम र्गइं। मौत के बाद भी परिजन इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस पर शव लेकर घर लौट आए तथा सुबह सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पीएम को भेजने के साथ ही मृतक के भाई नन्हें यादव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। घटना को लेकर परिजन एवं पुलिस कुछ भी नहीं बता पा रही है। ग्रामीण भी घटना को लेकर सन्न हैं। परिवार के लोग किसी से दुश्मनी या अन्य कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पिता के मौत की सूचना पर बेटा भी पुणे से घर के लिए रवाना हो गया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।