प्रतापगढ़। कलावर्ग अभ्यर्थियों को अनुबंध पत्र भरने के लिए दस बजे बुलाया गया था मगर कर्मचारी बारह बजे के बाद पहुंचे। परेशान अनुदेशक कभी बीएसए कार्यालय तो कभी पुलिस लाइन का चक्कर लगाते रहे। अनुबंध पत्र अंग्रेजी में होने से अनुदेशकों ने बगैर पढ़े ही हस्ताक्षर कर दिया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में अनुदेशकों की तैनाती के लिए गुरुवार को कलावर्ग के अभ्यर्थियों को अनुबंध पत्र भरने के लिए पुलिस लाइन स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बुलाया गया था। अभ्यर्थियों को दस बजे आने को कहा गया था इससे अधिकांश लोग सुबह साढे़ नौ बजे ही पहुंच गए। इसमें अधिकांश वे लोग भी शामिल थे जो बुधवार को नियुक्तिपत्र लेने से वंचित रह गए थे। ग्यारह बजे तक जब कर्मचारी नहीं पहुंचे तो अनुदेशकों की परेशानी बढ़ने लगी। चयनित अनुदेशक कभी बीएसए कार्यालय तो कभी पुलिस लाइन का चक्कर लगाने लगे। लगभग सवा बारह बजे कर्मचारियों के पहुंचने पर अनुदेशकों ने राहत की सांस ली। चयनित अनुदेशकों ने अंग्रेजी में प्रिंट प्रोफार्मा (अनुबंधपत्र) को पढे़ बगैर ही हस्ताक्षर बना दिया। कर्मचारियों ने अनुदेशकों के मूल अभिलेख को जमाकर सत्यापन कराने की बात कही है। 22 जून को शारीरिक शिक्षा के अनुदेशकों का अनुबंध पत्र भराया जाएगा।