कुंडा (ब्यूरो)। भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय में शनिवार को एक ही खिड़की पर पैसा जमा होने से लोगों ने जमकर बवाल किया। इससे अभिकर्ताओं एवं ग्राहकों में आक्रोश रहा।
कुंडा शाखा में कैश जमा करने के लिए तीन काउंटरों की व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त अभिकर्ताओं को भी प्रीमियम प्वाइंट दी गई है। शनिवार की दोपहर तक ही धन जमा होना था, लेकिन तीनों कैश काउंटर बंद थे। लोगों की भीड़ जमा हुई तथा लोग शोर मचाने लगे तो एकाउंट विभाग के अधिकारी श्रेयांश ने एक अतिरिक्त काउंटर का संचालन स्वयं शुरू कर दिया। तीनों काउंटरों की भीड़ एक साथ जमा होने से लोगों के बीच ही कहासुनी होने लगी। हंगामा की स्थिति बनने पर शाखा के गार्ड ने पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी तो शाखा प्रबंधक को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। किसी प्रकार लोगों के कैश जमा कराकर शांत कराया गया। शाखा प्रबंधक दया शंकर त्रिपाठी ने कहा कि सभी कैशियर छुट्टी पर गए हैं। इससे समस्या है, सहालग का समय होने से स्टाफ कम है। इससे कुछ परेशानी हो रही है, सभी का पैसा जमा कराया जाएगा।