प्रतापगढ़। नगर क्षेत्र में एटीएल फैक्ट्री के पास एक अधिवक्ता पर कुछ लोगों ने फायरिंग की। घटना गुरुवार सुबह की है। इस बाबत दो लोगों को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अधिवक्ता प्रभाकर सिंह मीनू के अनुसार वह सुबह लीलापुर की ओर जा रहे थे। वह जैसे ही एटीएल फैक्ट्री के पास पहुंचे सामने से आए कुछ बाइक सवार उन पर तीन फायर करने के बाद भुपियामऊ की ओर भाग निकले। उनके साथ दो लोग और थे। सभी ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। प्रभाकर ने नगर कोतवाली पहुंच भुपियामऊ निवासी विकास सिंह व उसके भाई विनय सिंह को नामजद करते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रभाकर के अनुसार कुछ दिन पहले भी उन पर हमला हुआ था। उसकी रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज है। आरोप है कि उसी को लेकर आज फिर हमला किया गया। उधर, दूसरे पक्ष ने भी प्रभाकर पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें प्रभाकर की तहरीर मिली थी। उस पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।