डीएसओ ने बदला पूर्ति निरीक्षकों का कार्यक्षेत्र
लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के पहले हुआ फेरबदल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले के नेताओं को खुश करने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी ने पांच पूर्ति निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। पांच पूर्ति निरीक्षकों को जारी पत्र में अविलंब कार्यभार ग्रहण करने को कहा है। डीएसओ ने यह परिवर्तन लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के ठीक पहले किया है।
लालगंज तहसील में तैनात रहे मयंक चतुर्वेदी को रानीगंज तहसील के शिवगढ़ ब्लाक में तैनाती दी है। जबकि पहले से रानीगंज में तैनात रहे सुधीर कुमार सरोज से शिवगढ़ ब्लाक छीन लिया गया है। उन्हें अब गौरा ब्लाक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सदर तहसील के मानधाता विकास खंड में तैनात रहे अनिल कुमार को लालगंज तहसील के रामपुर संग्रामगढ़ और सांगीपुर की जिम्मेदारी सौंपी है। लक्ष्मणपुर विकास खंड में तैनात रहे देवी प्रसाद तिवारी को लालगंज ब्लाक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इधर, सदर विकास खंड और नगरपालिका परिषद का कार्य देख रहीं ममता सिंह को एक बार फिर मानधाता विकास खंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।