अस्सी हजार के इनामी बदमाश को नगर कोतवाली पुलिस ने एसपी आफिस के पास से तमंचा के साथ गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ गुजरात, छत्तीसगढ़ समेत कई प्रांतों में लूट, हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। काफी दिनों से पुलिस को उसकी तलाश थी।
मानधाता थाना क्षेत्र के मदईपुर निवासी जावेद पर गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़ समेत कई प्रांतों में लूट, हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। पुलिस काफी दिनों से उसकी खोज कर रही थी। कभी गुजरात पुलिस तो कभी राजस्थान की पुलिस उसके घर पर छापामारी कर रही थी। मगर वह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। उस पर अस्सी हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। प्रतापगढ़ पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को वह जिला छोड़कर कहीं भागने की फिराक में था।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने अपने हमराहियों के साथ नाकाबंदी करके एसपी आफिस के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने उस पर 80 हजार का इनाम घोषित किया था। कोतवाल ने बताया कि वह प्रतापगढ़ में भी कई घटनाओं में शामिल रहा है।
कुछ दिनों पहले रायपुर से एक सराफ से पांच किलो चांदी और तीन किलो सोना लूटकर फरार हो गया था। इसके अतिरिक्त उसने लूट की कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। कोतवाली पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जावेद को जेल भेजा जा रहा है।
सुलह का दबाव बनाने के आरोपी का पुलिस ने किया चालान