संगठित गिरोह के जरिए हत्या, लूट, डकैती, अवैध शराब, सट्टा और मादक पदार्थों की बिक्री के साथ ही भूमाफिया के रूप में पुलिस ने जिले के 75 लोगों को चिह्नित किया है। गैंगस्टर लगाने के बाद ऐसे लोगों की करीब 50 करोड़ की संपत्ति जब्त की जाएगी।
जिले में शराब तस्करी, लूट और जमीनों पर कब्जा कर कम समय में अमीर बनने वाले लोगों की लंबी फेहरिस्त है। जरायम के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने वालों पर पुलिस ने अपनी नजरें गड़ा दी हैं। जांच के बाद अभी तक 75 लोग चिह्नित किए गए हैं। राजस्व विभाग की मदद से ऐसे लोगों की करीब 50 करोड़ की संपत्ति के बारे में जानकारी जुटाई गई है। चिह्नित गए लोग पुराने मुकदमों में भी शामिल रहे हैं। ऐसे लोगों पर पहले गैंगस्टर के तहत कार्रवाई होगी। इसके बाद उनकी अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी।
18 करोड़ रुपये की जब्त हो चुकी है संपत्ति
पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक शराब माफिया गुड्डू सिंह निवासी बलीपुर थाना हथिगवां के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव के खिलाफ भी प्रशासन ने शिकंजा कसा है। अब तक पुलिस प्रशासन ने 18 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है
गिरोह बनाकर अपराध करने वाले 75 लोग चिह्नित किए गए हैं। इन पर जल्द ही कार्रवाई होगी। इनकी करीब 50 करोड़ रुपये की संपत्ति चिह्नित की गई है। सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक