गैस एजेंसी के लीगल एडवाइजर से दिनदहाड़े बदमाशों ने 6 लाख लूटे
शहर में स्टेट बैंक के सामने दिया वारदात को अंजाम, केपी कालेज की ओर भाग निकले बदमाश
मौके पर पहुंचे एसपी ने की पूछताछ, लुटेरों की तलाश में दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बुधवार दोपहर बारिश के दौरान शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में तीन नकाबपोश बदमाशों ने गैस एजेंसी के लीगल एडवाइजर से 6 लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश केपी कालेज की ओर भाग निकले। लूट की खबर मिलने पर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। जानकारी लेने के बाद बदमाशों की तलाश में कोतवाली पुलिस के साथ ही स्वॉट टीम को लगाया। पुलिस ने अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाली के अष्टभुजानगर निवासी अधिवक्ता जयप्रकाश दुबे उर्फ लल्ले शिवम गैस एजेंसी के लीगल एडवाइजर हैं। वह एजेंसी का काम करने के साथ कैश भी बैंक में जमा करते हैं। बुधवार की सुबह करीब सवा दस बजेे बरसात के बीच ही कंपनी गार्डेन स्थित गैस एजेंसी के कार्यालय से 6 लाख रुपये लेकर वह स्टेट बैंक में जमा करने के लिए निकले। बैग बाइक की हैंडिल में टांग रखा था। जैसे ही जयप्रकाश स्टेट बैंक के सामने डिवाइडर के पास पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश बाइक की हैंडिल में टंगा रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। पहले लल्ले ने विरोध किया, लेकिन बदमाश गोली मार देने की धमकी देते हुए बैग लूटकर केपी कालेज की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाली पुलिस पहुंचकर मामले की छानबीन करने लगी। कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक एस आनंद, एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्र, सीओ सिटी अतुल शर्मा भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित से घटना की जानकारी लेने के बाद बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में छानबीन की। एसपी ने बदमाशों को पकड़ने के लिए कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम को निर्देश दिया। नगर कोतवाल ने बताया कि जय प्रकाश दुबे उर्फ लल्ले की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
53 सेकंड के भीतर लुट गए 6 लाख
गैस एजेंसी के लीगल एडवाइजर से 6 लाख रुपये लूटने में तीनों बदमाशों को महज 53 सेकंड का वक्त लगा। बाइक चलाने वाले बदमाश ने जयप्रकाश की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक चलाने वाला बदमाश बैठा रहा। दो बदमाश नीचे उतरे और बाइक के हैंडिल में टंगा रुपये से भरा बैग छीनने लगे। जय प्रकाश ने बदमाशों का विरोध करने का प्रयास किया लेकिन बदमाशों के गोली मार देने की धमकी पर सहम गया। यदि लल्ले बदमाशों का विरोध करते रहते तो वे गोली मारने से न हिचकते। बाइक रुकने से लेकर भागने तक बदमाशों को केवल 53 सेकंड ही लगा। इसके बाद बदमाश बाइक लेकर केपी कालेज की ओर भाग निकले।
बैंक के कैमरे में कैद नहीं हो सकी घटना
बरसात के दौरान स्टेट बैंक के सामने 6 बाइक सवार तीन बदमाशों ने 6 लाख रुपये लूटकर भाग निकले। स्टेट बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद नहीं हो सकी। घटना के बाद लल्ले भागकर भीतर पहुंचा। घटना लल्ले के परिचित ने देखी थी। दोनों पुलिस व मालिक को लूट की जानकारी देने लगे। हड़बड़ी में दोनों थर-थर कांप रहे थे। हालांकि बदमाश राजापाल टंकी स्थित एक बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
एजेंसी के कार्यालय से ही कर रहे थे पीछा, तीन रंग का बांध रखा था गमछा
बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। उन तक पहुंचने के लिए पुलिस मशक्कत कर रही है। जय प्रकाश के पीछे बदमाश एजेंसी के कार्यालय से ही लग गए थे। राजापाल तिराहे पर बदमाश ट्रक आने पर दूसरी ओर से बाइक लेकर बैंक की ओर भागे। तीनों बदमाशों ने अलग-अलग रंग का गमछा बांध रखा था। बाइक के पीछे बैठा बदमाश पीले रंग का तो बीच में बैठा बदमाश काले और बाइक चलाने वाला हरे रंग की रुमाल से अपना चेहरा छिपा रखा था।
पहले भी एजेंसी के गोदाम पर गोली मारकर हो चुकी है लूट
शहर के अष्टभुजानगर में शिवम गैस एजेंसी का गोदाम है। वहां पर वर्ष 2014 में बदमाश तमंचे के बल पर कैशियर से तीन लाख रुपये लूटकर भाग निकले थे। पिछले साल बदमाशों ने कैशियर को गोली मारकर सवा लाख रुपये लूटकर भाग निकले। तीसरी बार शिवम गैस एजेंसी के कर्मचारी से बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
लाइसेंस के लिए जूझ रहे हैं जयप्रकाश
नगर कोतवाली के अष्टभुजानगर निवासी जय प्रकाश दुबे उर्फ लल्ले ने कई साल पहले बंदूक का लाइसेंस बनवा रखा था। शस्त्र न खरीदने के कारण पूर्व जिलाधिकारी पिंकी जोवल ने उनका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया था। जिसे बहाल कराने के लिए चार सालों से लगातार जय प्रकाश दुबे जिलाधिकारी के सामने अपना प्रकरण रखते हुए लाइसेंस जारी करने की मांग कर रहे हैं लेकिन अभी तक लाइसेंस नहीं बन सका।
कचहरी रोड एसबीआई के सामने छिनैती की घटना के बाद कोतवाली में तहरीर देते पीड़ित अधिवक्ता।- फोटो : PRATAPGARH