चिलबिला पावर हाउस के समीप अमेठी रोड पर हाईटेंशन तार पर गिरा पेड़। सोशल मीडिया
चिलबिला विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ककरहा गांव के समीप प्रतापगढ़-अमेठी मार्ग पर बुधवार रात नौ बजे आम का सूखा पेड़ हाईटेंशन तार पर गिर गया। जिससे बिजली का खंभा व तार टूटकर सड़क पर गिर गया गया। जिस वजह से करीब 17 घंटों तक 55 गांवों की बत्ती गुल रही। भीषण गर्मी में लोगों को बगैर कूलर-पंखे के रात बितानी पड़ी।
पेड़ गिरने की वजह से प्रतापगढ़- अमेठी मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे हाईटेंशन तार व खंभों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। गर्मी के कारण लोग रात में ठीक से सो नहीं सके। पेयजल समस्या ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया। हाईटेंशन तार टूटने से जगेशरगंज, बांसी, दक्षिण का पुरवा, कठुआपुर, सराय महिमा समेत 55 गांवों के हजारों उपभोक्ता परेशान रहे।
जगेशरगंज निवासी देवी नारायन यादव ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने से रात भर नींद नहीं आई। गर्मी के कारण हाल बेहाल रहा। पीने के पानी की भी समस्या हुई। बांसी गांव निवासी अमित केसरवानी ने बताया कि रात में इन्वर्टर बंद होने के कारण नींद टूट गई। किसी तरह से गर्मी में रात बीती। दोपहर बाद बिजली आपूर्ति हुई तो राहत मिली।
बोले अफसर
हाईटेंशन तार पर आम का सूखा पेड़ गिरने के कारण कई गांवों में बुधवार रात से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। बृहस्पतिवार दोपहर आपूर्ति बहाल हुई। - एक्सईएन राम आसरे प्रसाद चौरसिया।
चिलबिला पावर हाउस के समीप अमेठी रोड पर हाईटेंशन तार पर गिरा पेड़। सोशल मीडिया