रानीगंज के लोगों की सहूलियत के लिए ट्राॅमा सेंटर के पास 50 बेड के महिला अस्पताल का निर्माण होगा। दीपावली के बाद जमीन चिह्नित कर 50 बेड अस्पताल का निर्माण शुरू हो जाएगा।
रानीगंज में 30 बेड के सीएचसी का संचालन हो रहा है। सीएचसी तीस बेड के होने के कारण मरीजों की संख्या बढ़ने पर दिक्कतें बढ़ जाती हैं। शासन ने स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट मांग लिया। रानीगंज सीएचसी अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया था। शासन ने अपनी मंजूरी भी दे दी है। 50 बेड अस्पताल तैयार करने के लिए एक करोड़ का बजट भी जारी कर दिया है। ट्राॅमासेंटर के पास इस अस्पताल के लिए जमीन भी चिह्नित कर लिया गया है। दीपावली के बाद 50 बेड के महिला अस्पताल का निर्माण शुरू हो सकता है।
महिलाओं को इलाज कराने जाना पड़ता है एक किमी दूर
रानीगंज बाजार से एक किमी दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है। सीएचसी में एक महिला डॉक्टर की तैनाती हुई है। ऐसे में महिला मरीजों को कस्बे से एक किमी दूर इलाज कराने जाना पड़ता है। यदि ट्राॅमासेंटर के बगल 50 बेड का अस्पताल बन जाएगा तो महिलाओं को काफी सहूलियत मिलेगी।