चुनाव संग्राम में फीकी पड़ेगी शहनाई
12 मई को होना है मतदान, शुभ मुहूर्त के कारण शादियां भी खूब
जगह-जगह पुलिस का रहेगा पहरा, गाड़ियों की होती रहेगी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में 12 मई को मतदान होना है। इस दिन लगन भी बहुत तेज है। शुभ मुहूर्त होने के कारण कई शादियां हैं, लेकिन चुनाव के कारण लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ेगी। जगह-जगह पुलिस का पहरा और गाड़ियों की जांच से दिक्कत आएगी। वाहनों, टेंट और गेस्ट हाउस की बुकिंग में अभी से परेशानी आ रही है। चुनाव की घोषणा के बाद अब लोग तिथियों में बदलाव के लिए भी प्रयास कर रहे हैं।
दरअसल, 12 मई को शुभ मुहूर्त होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों ने अपने बेटे-बेटियों की शादी के लिए यह दिन तय कर चुके हैं। अब चुनाव की घोषणा होने के बाद उनके सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई है। 12 मई को मतदान होने के कारण 11 मई से ही गैर जनपद को जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया जाएगा। किसी भी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। वाहन जाते भी हैं तो पहले उनकी जांच और पड़ताल की जाएगी। इसके चलते इस दिन बारात लेकर जाना टेढ़ी खीर है। जिनके घरों में शादियां तय हैं, अब वह परेशान हो रहे हैं। कुछ लोग शादी की डेट बदलवाने के लिए अब पंडितों के चक्कर काट रहे हैं। कुछ लोगों ने तो गाड़ियां और गेस्ट हाउस बुक कर लिया था। अब वह परेशान हैं।
नहीं पहुंच पाएंगे रिश्तेदार
11 से 13 मई के बीच जिन लोगों के घरों में शादियां हैं, उनके रिश्तेदार भी परेशान हैं। मतदान का दिन होने के कारण वह भी शामिल नहीं हो पाएंगे। इससे वर और कन्या दोनों पक्षों के लोगों की मुसीबत बढ़ गई है।
आतिशबाजी भी नहीं हो सकेगी
मतदान के एक दिन पहले और एक दिन बाद जिनके घरों में शादियां हैं वह बारात में आतिशबाजी भी नहीं कर सकेंगे। आतिशबाजों को एडवांस बुकिंग के लिए दी गई उनकी रकम भी डूब जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों की मानी जाए तो 11 से 13 मई तक रोड पर दिखने वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जाएगी। संदिग्धों की तलाश की जाएगी। वाहनों में प्रतिबंधित सामान मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। रात में पटाखा बजाने पर भी मनाही होगी।